नोएडा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से नोएडा लोकमंच द्वारा आयोजित “महिला श्री अवार्ड – सीजन 3” का भव्य आयोजन रविवार को सेक्टर-62 स्थित दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली।
इस अवसर पर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “महिला श्री अवार्ड” से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में सिंधु रवि, श्रेया शर्मा, दीपिका चंद्रा, लक्ष्मी नेगी, प्रिया उपाध्याय, श्वेता गुप्ता, राजेश्वरी त्यागराजन, झूमा बिस्वास नाग, वसुधा तिवारी, डॉ. बानी बोरा, डॉ. एस. अनुपमा भारद्वाज, सपना दत्ता और शिल्पी गोयल शामिल रहीं। इन सभी महिलाओं को उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) के फाउंडर विपिन सहनी एवं किरण सहनी, हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति भंवर सिंह, फेलिक्स हॉस्पिटल एंड ग्रुप्स की डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता, आईईएक्स लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ सत्यानारायण गोयल, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान तथा टेन न्यूज़ नोएडा के फाउंडर गजानन माली सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व लगातार बढ़ रहा है, जो देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन रैना शाहमिरी और इंदिरा चौधरी ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस दौरान संस्कार अध्ययन केंद्र के बच्चों ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक सामाजिक नाटक प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्षों को प्रेरणादायक तरीके से दर्शाया गया।
नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि “महिला श्री अवार्ड” के माध्यम से समाज की प्रेरणादायी मातृशक्तियों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन नोएडा लोकमंच के सांस्कृतिक प्रकल्प “पहला कदम” के अंतर्गत किया गया, जिसमें Rotary Club of Delhi Okhla City और दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में नोएडा लोकमंच की कोषाध्यक्ष विभा बंसल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नोएडा शहर के कई गणमान्य लोग और नोएडा लोकमंच की पूरी टीम भी मौजूद रही।














