मुंबई:अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच दुनिया के कई देशों में तेल और गैस आपूर्ति पर असर देखने को मिल रहा है। इसी माहौल में भारत में भी ईंधन और गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलने लगी हैं। हालांकि, महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर खरीदारी न करें।
छगन भुजबल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और तनाव का असर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर जरूर पड़ा है, लेकिन भारत सरकार वैकल्पिक स्रोतों से तेल और गैस की व्यवस्था कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ईरान और रूस जैसे देशों से भी संपर्क में है ताकि आपूर्ति पर कोई असर न पड़े।
गैस सिलेंडर बंद होने की खबरें गलत
मंत्री ने साफ कहा कि गैस सिलेंडर बंद होने की खबरें महज अफवाह हैं। सरकार के पास आवश्यक ईंधन और राशन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीदें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
पीएनजी को लेकर सरकार का रुख
छगन भुजबल ने पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 10 लाख से अधिक उपभोक्ता पहले से पीएनजी से जुड़े हुए हैं। राज्य सरकार अब पीएनजी नेटवर्क को और बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में पीएनजी लाइन उपलब्ध है, वहां लोगों को तीन महीने के भीतर कनेक्शन के लिए आवेदन करना जरूरी है। हालांकि, अगर पाइपलाइन का काम पूरा नहीं भी होता है, तो फिलहाल एलपीजी सेवा बंद नहीं की जाएगी। लेकिन जो लोग उपलब्ध होने के बावजूद पीएनजी कनेक्शन नहीं लेंगे, उनके लिए भविष्य में बदलाव संभव है।
“पीएनजी की कोई कमी नहीं”
मंत्री ने कहा कि जहां भी पीएनजी शुरू की गई है, वहां आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि राज्य में पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
छगन भुजबल के इस बयान का मकसद लोगों के बीच फैली चिंता को कम करना और अफवाहों पर विराम लगाना है।














