गाजीपुर। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के अवसर पर 23 जनवरी 2026 को जनपद गाजीपुर के अफीम फैक्ट्री परिसर में युद्ध अथवा किसी भी आपातकालीन एवं संकट की स्थिति से निपटने के लिए भव्य मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा, जीएम अफीम फैक्ट्री दौलत कुमार, सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम एवं अन्य संबंधित विभागों की प्रशिक्षित टीमें उपस्थित रहीं।
इस दौरान लाइव रेस्क्यू एवं बचाव अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं आम नागरिकों को युद्ध जैसी भयावह स्थिति या ब्लैक आउट के समय “क्या करें और क्या न करें” की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि संकट की स्थिति में सभी प्रकार की लाइटें, बिजली उपकरण, वाहन की हेडलाइट, मोबाइल फ्लैश लाइट, इन्वर्टर व जनरेटर बंद रखें। खिड़की-दरवाजों के पर्दे गिराकर रखें, सभी परिवारजन विशेषकर बच्चे, बुजुर्ग और दिव्यांग एक सुरक्षित स्थान पर रहें तथा रेडियो या सरकारी माध्यमों से निर्देश सुनते रहें।
साथ ही जरूरी दस्तावेज, प्राथमिक चिकित्सा किट, सूखा राशन, पानी, टॉर्च, बैटरी, नकद धनराशि और दवाइयां पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई। अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया की अपुष्ट खबरें न फैलाने और किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छूने की अपील की गई।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य जनपद को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मॉक ड्रिल को सफल बताते हुए विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की।
इसी क्रम में सायं 6:00 से 6:20 बजे तक ददरी घाट, आम घाट, झुन्नूलाल चौराहा एवं कलेक्टर घाट सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ब्लैक आउट किया गया। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि वे ब्लैक आउट में सहयोग करते हुए सभी लाइटें बंद रखें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।














