गाजीपुर – मुहम्मदाबाद नगर में एक 16 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर सहपाठियों के तानों और शिक्षक की पिटाई से आहत होकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को मृतका के पिता की तहरीर पर दो छात्राओं और एक शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना शाहनिन्दा मुहल्ले की है। छात्रा आर्य समाज जूनियर हाई स्कूल मुहम्मदाबाद में कक्षा 10 की छात्रा थी। पिता अजय यादव ने आरोप लगाया कि मुहल्ले की दो छात्राएं उसकी गरीबी और घरों में काम करने को लेकर लंबे समय से उसे अपमानित करती थीं। 4 फरवरी को स्कूल में दोनों छात्राओं ने फिर ताना मारते हुए मारपीट की।
शिकायत करने पर अध्यापक राजेश पाण्डेय ने बिना पूरी बात सुने छात्रा को ही दोषी ठहराया और थप्पड़ मार दिए। इससे आहत छात्रा घर पहुंची और कीटनाशक दवा खा ली। उस समय घर पर कोई नहीं था; बाद में परिजनों को जानकारी मिली।
पिता ने लगातार मानसिक प्रताड़ना और अपमान को घटना का कारण बताया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














