Friday, January 16, 2026
Your Dream Technologies
HomeUttar Pradeshमायावती के 70वें जन्मदिन पर सियासत से शुभकामनाएं, योगी-अखिलेश-केशव मौर्य ने दी...

मायावती के 70वें जन्मदिन पर सियासत से शुभकामनाएं, योगी-अखिलेश-केशव मौर्य ने दी बधाई, BSP ने मनाया ‘जन कल्याणकारी दिवस’

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आज गुरुवार को अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश की राजनीति में शुभकामनाओं का दौर जारी है। बीएसपी ने अपने शीर्ष नेता का जन्मदिन जन कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया, जबकि सत्ता और विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने भी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
“बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने अलग राजनीतिक अंदाज़ में मायावती को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा,
“आदरणीय मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्हें स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।”

हालांकि बधाई के साथ अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलना भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा,
“मायावती जी ने जीवन भर प्रभुत्ववादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करते हुए शोषित, वंचित, उत्पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित समाज के मान-सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। संविधान विरोधी भाजपा और उसके संगी-साथियों को जिस तरह उन्होंने ललकारा है, वह संघर्ष आगे भी निरंतर बना रहे—इसी कामना के साथ उन्हें पुनः जन्मदिन की बधाई।”

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,
“बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।”

गौरतलब है कि मायावती का जन्मदिन हर साल बीएसपी द्वारा सामाजिक कार्यक्रमों और जनहितकारी गतिविधियों के साथ मनाया जाता है। दलित और बहुजन राजनीति की एक बड़ी पहचान रहीं मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और प्रदेश की राजनीति में उनका प्रभाव आज भी बना हुआ है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button