पुडुचेरी: विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भव्य रोड शो किया। इस दौरान सड़कों पर भारी जनसमूह उमड़ पड़ा और पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’ तथा ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। रोड शो के दौरान लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया और उन पर फूल बरसाए।
करीब एक घंटे तक चले इस रोड शो में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और विधानसभा चुनाव में AINRC-BJP गठबंधन के समर्थन में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) के संस्थापक और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी तथा बीजेपी नेता और गृह मंत्री ए. नमसिवायम भी उनके साथ मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री का रोड शो अजंता सिग्नल प्वाइंट से शुरू होकर करीब 2 किलोमीटर दूर कामराजर स्टैच्यू/राजा थिएटर सिग्नल तक चला। रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए सड़कों के किनारे खड़े रहे। कई जगहों पर समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
During my last visit to Puducherry, the foundation stones were laid for vital projects, including the construction of 41 roads in rural areas, the development of a Heritage Town in Puducherry, mangrove restoration and improving water supply. A double-engine Government will ensure… pic.twitter.com/TEb1W3JFxK
— Narendra Modi (@narendramodi) April 3, 2026
रोड शो के दौरान विदेशी नागरिकों का उत्साह भी देखने को मिला। कुछ विदेशी पर्यटक सड़क किनारे खड़े होकर पीएम मोदी के काफिले का स्वागत करते नजर आए और उन्होंने इस पूरे रोड शो को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
चेन्नई में रुकेंगे प्रधानमंत्री
पुडुचेरी में रोड शो समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चेन्नई लौटेंगे, जहां वे गिंडी इलाके के एक होटल में ठहरेंगे। इसके बाद 4 अप्रैल को वे बीजेपी नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चेन्नई और पुडुचेरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
केरल में भी करेंगे चुनाव प्रचार
चेन्नई में बैठक के बाद प्रधानमंत्री 4 अप्रैल को केरल के दौरे पर जाएंगे। वहां वे तिरुवल्ला में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और बाद में तिरुवनंतपुरम में रोड शो करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब 3 बजे कोट्टायम जिले के चांगनास्सेरी स्थित एनएसएस कॉलेज मैदान पहुंचेंगे और फिर सड़क मार्ग से पथानामथिट्टा जिले के तिरुवल्ला जाएंगे।
Today’s roadshow in Puducherry was phenomenal. The people of Puducherry have clearly decided to re-elect the NDA Government so that we can keep working towards our vision of creating BEST Puducherry. What was noteworthy was the presence of our Nari Shakti and Yuva Shakti in large… pic.twitter.com/u7Q0HGcBFA
— Narendra Modi (@narendramodi) April 3, 2026
तिरुवल्ला के पब्लिक स्टेडियम में आयोजित जनसभा में पार्टी नेताओं के साथ आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों से एनडीए उम्मीदवार भी शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम पहुंचकर किल्लीपलम जंक्शन से करमाना तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।
इस रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है। चुनाव प्रचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री शाम को दिल्ली लौट जाएंगे। उल्लेखनीय है कि केरल में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने हैं।














