
मुंबई को दहला देने वाले पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य और इस हत्याकांड का मोस्ट वांटेड आरोपी जीशान अख्तर आखिरकार पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। उसे पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2024 को दशहरे के दिन बाबा सिद्दीकी की उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली थी, जिसने मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी थी।
हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड?
अब तक की जांच में यह सामने आया है कि फरार आरोपी शुभम लोनकर और जीशान अख्तर इस हत्या की पूरी साजिश रचने में शामिल थे। यही दोनों हत्यारों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। पुलिस को शक है कि हत्या का सीधा आदेश जीशान अख्तर की ओर से दिया गया था।
पंजाब पुलिस की कार्रवाई, मुंबई पुलिस की नजर
सूत्रों के अनुसार, जीशान अख्तर को सोमवार देर रात जालंधर से गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने पुष्टि की है कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति वही है, जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुख्य आरोपी है। अब उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसे मुंबई पुलिस के हवाले किए जाने की संभावना है।
बिश्नोई गैंग की पंजाब में गतिविधियां
गौरतलब है कि बीते दिनों पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर भी बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने हमला करने की कोशिश की थी। यह गिरोह पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में भी बताया जा रहा है।
अभी भी फरार हैं दो आरोपी
हालांकि इस गिरफ्तारी के बावजूद, हत्याकांड के दो अन्य मोस्ट वांटेड आरोपी – शुभम लोनकर और अनमोल बिश्नोई – अब भी फरार हैं। पुलिस की टीमें इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।