
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम महायुति गठबंधन के पक्ष में आए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपने विधायकों के टूटने का डर सताने लगा है। इस स्थिति को देखते हुए शिवसेना ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट के सभी विधायक बांद्रा स्थित Taj Lands End होटल में ठहरेंगे। शपथ ग्रहण समारोह तक सभी विधायकों को होटल में रुकने का निर्देश दिया गया है, जहां पार्टी के नेताओं का चयन भी किया जाएगा।
शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने अब तक 54 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है और 3 सीटों पर बढ़त बनाए रखी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार (23 नवंबर) को ठाणे जिले की कोपरी-पचपाखडी विधानसभा सीट से 1.2 लाख वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की।
एकनाथ शिंदे ने केदार दिघे को हराया
मुंबई के निकट ठाणे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का काफी प्रभाव है। इस सीट पर शिंदे को 1 लाख 59 हजार 60 वोट मिले, जो कुल पड़े वोट का 78.4 प्रतिशत है। शिंदे के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी, शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार केदार दिघे को 38,343 वोट मिले। केदार दिघे, शिंदे के राजनीतिक गुरु दिवंगत आनंद दिघे के भतीजे हैं।
2019 विधानसभा चुनाव में भी एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस के उम्मीदवार संजय घाडीगांवकर को 89,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। शिंदे ने 2022 में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिसके बाद बाल ठाकरे की स्थापित पार्टी में विभाजन हो गया। शिंदे ने बीजेपी के साथ मिलकर राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। विभाजन के बाद शिंदे गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न ‘धनुष-बाण’ मिल गया था।
शिवसेना ने इस चुनाव में कुल 81 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से पार्टी को 57 सीटों पर शानदार सफलता मिली। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था।