गाजीपुर – रेवतीपुर थाना क्षेत्र के भीष्म देव राय पट्टी गांव में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मजदूर का शव गांव के एक बगीचे में पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय छोटन राम के रूप में हुई, जो मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया गया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल फोन, कुछ नकदी और सुर्ती की पुड़िया बरामद हुई है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।
मृतक की पत्नी मानका देवी ने बताया कि छोटन राम बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर जब वह खोजबीन करने निकलीं, तभी गांव वालों से उन्हें यह दुखद सूचना मिली। मौके पर पहुंचने तक छोटन राम की मौत हो चुकी थी। पत्नी के अनुसार, छोटन राम चार भाइयों में सबसे छोटे थे और पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर थे। उनके दो बेटे और चार बेटियां हैं। मानका देवी का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उनके पति ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी हुई है।














