नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जंतर-मंतर पर आयोजित विशाल रैली में केंद्र और दिल्ली की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “एक साल पहले दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी, लेकिन इस एक साल में जनता के हिस्से निराशा ही आई है। 8 मार्च 2025 से हर महिला के खाते में 2500 रुपये देने का वादा किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।”
“140 करोड़ लोग मिलकर बदलाव लाएंगे”
रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अब देश में बदलाव की गिनती शुरू हो चुकी है। “ये लोग सत्ता की राजनीति करें, हम जनता के लिए काम करेंगे। 140 करोड़ लोग मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे,” उन्होंने कहा। सभा में दिल्ली, पंजाब, गुजरात और गोवा सहित कई राज्यों से आए आप नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने “पढ़ा-लिखा दमदार है, मेरा केजरीवाल कट्टर ईमानदार है” के नारे लगाए।

“षड्यंत्र रचकर किया गया परेशान”
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में भाजपा ने साजिश रचकर उन्हें और दिल्ली की जनता को परेशान किया। “मुझ पर शराब घोटाले और 100 करोड़ रुपये लेने के आरोप लगाए गए। लेकिन अदालत ने साफ कर दिया कि पूरा मामला फर्जी है, कोई सबूत नहीं है। केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा,” उन्होंने कहा।
आईआईटी से इनकम टैक्स विभाग तक का सफर
अपने संबोधन में उन्होंने निजी जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि आईआईटी में अच्छे अंक आने के बावजूद वे अमेरिका नहीं गए। “देश की हालत देखकर यहीं रहने का फैसला किया और इनकम टैक्स विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर की नौकरी की। रिश्वत लेने से मना किया तो पूरे विभाग में चर्चा हो गई कि केजरीवाल एक पैसा नहीं लेता,” उन्होंने कहा।
“10 साल में एक रुपये का भ्रष्टाचार साबित कर दें”
दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “10 साल में एक रुपये का भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ। अगर कोई एक ठेकेदार खड़ा होकर कह दे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
गुजरात और प्रदूषण पर सवाल
केजरीवाल ने गुजरात की सड़कों की हालत पर सवाल उठाते हुए कहा कि “राजकोट से जूनागढ़ 104 किमी की दूरी तय करने में चार घंटे लगते हैं, क्योंकि सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे हैं।” उन्होंने उत्तर भारत में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि बीजिंग ने 12 साल में प्रदूषण पर काबू पा लिया, जबकि यहां सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
देश के 140 करोड़ लोगों को एक साथ मिलकर तानाशाही और अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज़ उठानी होगी। जंतर-मंतर से LIVE https://t.co/cBg2TAeR1K
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 1, 2026
इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में मादक पदार्थों और नकली शराब के कारोबार का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
“आप ने देश को उम्मीद दी”
केजरीवाल ने कहा कि जब देश में निराशा का माहौल था, तब आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी और सड़कों में सुधार कर लोगों को उम्मीद दी। “देश सुधर सकता है, यह भरोसा हमने दिया है,” उन्होंने कहा।
रैली के अंत में समर्थकों ने बदलाव और ईमानदारी के नारों के साथ आगामी राजनीतिक संघर्ष का संदेश दिया।














