नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सड़क मरम्मत के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिरने से युवक कमल ध्यानी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने रेखा गुप्ता सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। रविवार शाम जनकपुरी में कैंडल मार्च निकालने पहुंचे आप कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने और सरकार की कथित लापरवाही के खिलाफ कैंडल मार्च निकालना चाहती थी। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कैंडल मार्च की अनुमति नहीं दी और मौके पर इकट्ठा हो रहे लोगों को हटाने की कोशिश की। पुलिस का कहना था कि कार्यक्रम की पूर्व सूचना और अनुमति नहीं ली गई थी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सौरभ भारद्वाज समेत कई आप नेताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें जनकपुरी थाने ले जाया गया।
आज 5:30 बजे शाम को जनकपुरी में इसी जगह अपने भाई कमल ध्यानी को श्रद्धाजलि देने जाऊँगा
देखियेगा आज यहाँ कितनी पुलिस आएगी
जनकपुरी पुलिस स्टेशन ने कहा आज छुट्टी है, हमारा इंटीमेशन नहीं लिया
वही बेशर्म पुलिस जो पूरी रात सोती रही , जिस पुलिस ने रात भर कमल के परिवार की रिपोर्ट तक… pic.twitter.com/U3E4DsIrIn
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) February 8, 2026
पुलिस पर भड़के सौरभ भारद्वाज
इससे पहले सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ऐलान किया था कि वे शाम 5:30 बजे जनकपुरी में कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने जाएंगे। उन्होंने अपने पोस्ट में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि जिस पुलिस ने पूरी रात सोकर बिताई और कमल के परिवार की शिकायत तक दर्ज नहीं की, वही पुलिस आज श्रद्धांजलि कार्यक्रम रोकने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।
हिरासत में लिए जाने के बाद भी सौरभ भारद्वाज ने पुलिस वैन से अपनी और अन्य नेताओं की तस्वीरें एक्स पर साझा कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
सौरभ भारद्वाज के पोस्ट के बाद बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई। पुलिस ने पहले समझाइश की कोशिश की, लेकिन जब आप कार्यकर्ता कैंडल मार्च पर अड़े रहे तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेताओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल जनकपुरी इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
कैसे हुई थी कमल ध्यानी की मौत
पालम कैलाशपुरी निवासी कमल ध्यानी एचडीएफसी बैंक में टेलीकॉलर के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार देर रात वे उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जनकपुरी इलाके के जोगिंदर सिंह मार्ग पर सड़क मरम्मत कार्य के तहत खोदे गए करीब 4.5 मीटर गहरे गड्ढे में उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। यह गड्ढा लगभग 2 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड की मरम्मत के लिए खोदा गया था। बताया जा रहा है कि कमल ध्यानी कई घंटों तक उसी गड्ढे में पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद दिल्ली में प्रशासनिक लापरवाही, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारी तय करने को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी जहां इसे सरकार और संबंधित विभागों की घोर लापरवाही बता रही है, वहीं पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।














