गाजीपुर। विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर, त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेई संगठन शाखा गाजीपुर द्वारा अंधऊ स्थित संगठन भवन कार्यालय में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जूनियर इंजीनियर (जेई) एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और विद्युत व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेई संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष जी.बी. पटेल तथा विशिष्ट अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष आर.एस. कुशवाहा रहे। दोनों अतिथियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान, तकनीकी दक्षता और कार्य में पारदर्शिता से ही विभाग की विश्वसनीयता मजबूत होती है।
उन्होंने अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपने कार्यों को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करें तथा उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।














