गाजीपुर। आगामी 22 मार्च 2026 को प्रस्तावित मानवाधिकार जागरूकता सेमिनार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से संगठन के जिला महासचिव संदीप अग्रहरि ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान संदीप अग्रहरि ने सेमिनार के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके मानवाधिकारों, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने यह भी बताया कि सेमिनार के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मानवाधिकार जागरूकता जैसे विषय को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक और आवश्यक बताया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन भी दिया। राज्यपाल के सकारात्मक रुख से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
बताया गया कि सेमिनार में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी वर्ग, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान मानवाधिकार संरक्षण, महिला एवं बाल अधिकार, सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी विनय तिवारी द्वारा दी गई।














