गाज़ीपुर – बिरनो विकासखंड परिसर में पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों ने नई व्यवस्था के विरोध में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और सचिवों से अन्य विभागों द्वारा कराए जा रहे अतिरिक्त कार्यों का विरोध मुख्य मुद्दा रहा।आंदोलन 01-12-2025 को प्रारंभ हुआ, जिसमें पूरे विकासखंड बिरनो परिसर के ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी काली पट्टी बाँधकर शामिल हुए। धरने के दौरान आंदोलन की भविष्य की रणनीति भी क्रमबद्ध रूप से घोषित की गई। पहले चरण में 01 दिसंबर से 04 दिसंबर 2025 तक काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। 05 दिसंबर 2025 से जनपद स्तरीय सभी सरकारी व्हाट्सऐप ग्रुप से कर्मी तटस्थ हो जाएंगे। इसके बाद 10 दिसंबर 2025 से पंचायत सचिव और ग्राम विकास अधिकारी अपने निजी वाहनों का प्रयोग बंद कर देंगे, जिसे कार्यों में असहयोग के प्रतीकात्मक कदम के रूप में लिया जाएगा। 15 दिसंबर 2025 को सभी कर्मी ग्राम पंचायत में प्रयुक्त सरकारी डोंगल को एडीओ (पंचायत) को सुपुर्द करेंगे।धरना-प्रदर्शन में एडीओ पंचायत के अनिल कुमार वर्मा, पंचायत सचिवों और समन्वय समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें जयप्रकाश राम, श्याम सुंदर यादव और अमरीश सिंह जैसे संगठनात्मक भूमिका निभाने वाले सचिव प्रमुख रूप से शामिल रहे। धरने में प्रमोद यादव, राजन प्रजापति, निशा यादव, प्रिया सिंह और सरोज सिंह समेत विकासखंड के अन्य सचिवों व अधिकारियों ने भागीदारी की।














