गाज़ीपुर – सेवराई उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को सेवराई तहसील मुख्यालय स्थित कई मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकानों में गंदगी, अस्वच्छ माहौल और मानकों का घोर उल्लंघन सामने आया।
अभियान दल ने सबसे पहले साईं स्वीट्स का निरीक्षण किया, जहाँ कारखाने में गंदगी पाई गई। टीम ने मौके पर लगभग 200 किलो चीनी शीरा और 10 किलो गुलाब जामुन को नष्ट कराया। दुकान में पाए गए कालातीत कोल्डड्रिंक को तुरंत नष्ट करने या कंपनी को लौटाने का निर्देश दिया गया। श्रमिकों की मेडिकल जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
इसके बाद बाबा केक कार्नर की जांच में उत्पादन क्षेत्र गंदा मिला। टीम को 30 लीटर चीनी शिरा और पनीर निर्माण में उपयोग हो रहा 45 लीटर अस्वच्छ पानी मिला, जिसे स्वास्थ्य मानकों के अनुसार नष्ट कराया गया।
अधिकारियों ने दोनों दुकानदारों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब देने का निर्देश दिया है। जवाब न मिलने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कन्नौजिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














