Friday, March 20, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalगाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ

गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ

गाजीपुर – केंद्र सरकार के 11 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम परिसर में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह महोत्सव ‘‘नव निर्माण के नौ वर्ष’’ थीम पर आधारित है, जिसका उद्देश्य सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए। सूचना विभाग की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश तथा ‘‘विरासत भी, विकास भी’’ थीम पर आधारित वार्षिक कैलेंडर वितरित किए गए। प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी सराहना की और कहा कि इससे आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है।

इस दौरान जिला उद्योग केंद्र द्वारा ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सूचना विभाग के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने पूर्व की स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि अब उत्तर प्रदेश निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

विधायक बेदी राम ने भी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से जनपद विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की प्रशंसा की।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि 18 से 26 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव जनता को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button