गाजीपुर – हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन और सुचितापूर्ण कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि परीक्षाएँ 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में संचालित होंगी और लगभग 1.37 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 196 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 29 अति संवेदनशील और 63 संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु उन्हें पुलिस अभिरक्षा में सीसीटीवी निगरानी वाले स्ट्रांग रूम में डबल लॉक अलमारी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले ही लिफाफे खोले जाएंगे और पूरी प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में होगी। सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, सचल दल और फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों के 100–200 मीटर दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा तथा बिजली, जनरेटर, इंटरनेट व सुरक्षा व्यवस्थाएँ पहले से जांची जाएंगी। अनुचित साधनों के प्रयोग या फर्जी परीक्षार्थी मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को परीक्षा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।














