गाजीपुर – नोनहरा थाने में धरने के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई ने एक भाजपा कार्यकर्ता की जान ले ली। घटना 9 सितंबर की है, जब स्थानीय लोग व भाजपा कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर थाने में धरना दे रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइट बंद कर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई लोग घायल हो गए थे। उन्हीं में से भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की हालत गंभीर हो गई थी, जिनकी आज मौत हो गई।मृतक के पिता गिरिजा उपाध्याय ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पुलिस ने बेरहमी से पीटा था। घर लौटने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मृतक के घर जुट गए और गुस्से में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों का कहना था कि पहले जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सियाराम को भाजपा कार्यकर्ता मानने से इनकार किया था, लेकिन बाद में मौके पर पहुंचकर उन्होंने मृतक को पार्टी कार्यकर्ता स्वीकार किया। इसके बाद ही लोगों का गुस्सा कुछ शांत हुआ।वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बिजली का खंभा लगाने को लेकर प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष में विवाद हुआ था। उसी के चलते कुछ लोग थाने पर धरने पर बैठ गए थे। रात में अचानक बिजली जाने से अफरा-तफरी मच गई और लोगों को वहां से हटाया गया। बाद में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली।एसपी ने कहा कि मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कराई जा रही है और मृतक का पोस्टमॉर्टम होगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। उधर, मृतक परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।














