ग़ाज़ीपुर – जिला विकास अधिकारी ने जानकारी दी है कि जनपद गाजीपुर में ग्राम पंचायत स्तर पर सोशल ऑडिट टीमों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत विकास भवन स्थित सभागार में अभ्यर्थियों के साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। सभी चयनित आवेदकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर विकास भवन गाजीपुर के सभागार में उपस्थित होकर अपने मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराएं तथा साक्षात्कार में भाग लें।
जारी कार्यक्रम के अनुसार विकास खण्ड रेवतीपुर, मनिहारी, जमानियां, बिरनों और करण्डा के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 23 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। वहीं विकास खण्ड भांवरकोल, भदौरा, सादात, जखनियां, सैदपुर और मरदह के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 24 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विकास खण्ड बाराचवर, कासिमाबाद, देवकली, सदर और मुहम्मदाबाद के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 25 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से प्रारम्भ होकर साक्षात्कार समाप्ति तक चलेगा।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले पहुंचकर अपने मूल अभिलेखों का मिलान कराएं ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। साथ ही अभ्यर्थी अपने संबंधित विकास खण्ड कार्यालयों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य पारदर्शिता के साथ ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।














