गाजीपुर – अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैदपुर पुलिस और सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम ने बोर्ड परीक्षा के दौरान दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
दिनांक 27.02.2026 को प्रभारी निरीक्षक सैदपुर द्वारा क्षेत्र भ्रमण एवं परीक्षा केंद्रों की जांच की जा रही थी। विश्वस्त सूचना पर आदर्श इंटर कॉलेज सियावां-भीतरी, सैदपुर (केंद्र संख्या 7332) पर सेक्टर मजिस्ट्रेट उदय चन्द्र राय एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट जितेन्द्र कनौजिया के साथ संयुक्त चेकिंग की गई। जांच के दौरान पांच युवक दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुशवाहा, सत्येन्द्र शर्मा, आकाश सिंह, अजय यादव एवं सूरज यादव शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 5 प्रवेश पत्र, 4 आधार कार्ड, 6 उत्तर पुस्तिकाएं, 6 प्रश्न पत्र तथा 2 रजिस्ट्रेशन पत्र बरामद किए।
इस संबंध में थाना सैदपुर पर मु0अ0सं0 57/2026 धारा 7/13(3) उ0प्र0 सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 एवं 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र प्रताप सहित पुलिस बल मौजूद रहा।














