
दिल्ली में आज तापमान 17 डिग्री सेल्सियस है और ठंडी हवाएं चल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल के तहत बड़ी संख्या में लोग साइकिल राइड का हिस्सा बने। इस पहल का उद्देश्य मोटापे के खतरे के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को फिटनेस की ओर प्रेरित करना है।
ठंड में भी युवाओं का जोश, ‘फिट इंडिया’ अभियान को मिला समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया की इस पहल में दिल्लीवासियों का भरपूर जोश देखने को मिला। 2 मार्च को राजधानी की सड़कों पर हजारों लोग साइकिल लेकर निकले और फिटनेस का संदेश दिया।
इस इवेंट में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और हरियाणा पुलिस में डीएसपी जोगिंदर शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने कहा, “फिट रहेगा इंडिया, तभी तो हिट रहेगा इंडिया। फिटनेस के लिए कोई भी एक्टिविटी करना जरूरी है।” उन्होंने इस पहल को भारत सरकार की शानदार पहल बताया और युवाओं से ज्यादा से ज्यादा इसमें भाग लेने की अपील की।
फिजिकल फिटनेस क्यों जरूरी?
जोगिंदर शर्मा ने कहा, “आज का युवा मोबाइल में ज्यादा व्यस्त रहता है। इसलिए शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी हो गई है। अगर शरीर फिट रहेगा, तभी दिमाग भी फिट रहेगा।” उन्होंने भारत सरकार और खेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान देशभर के लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने में मदद करेगा।
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल: अभियान की शुरुआत और मकसद
इस साइकिलिंग ड्राइव की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में संतुलित आहार और मोटापे से बचाव को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि तेल का सेवन सीमित करना चाहिए और इसे 10% तक ही रखना चाहिए।
खेल मंत्री ने क्या कहा?
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस पहल के बारे में कहा, “मोटापे के खिलाफ हमारी लड़ाई में हमें रोजाना फिटनेस को अपनाना होगा। साइकिल चलाना सबसे आसान और प्रभावी एक्सरसाइज है। यह न केवल शरीर के लिए फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण को भी सुरक्षित रखता है। साइकिलिंग कार्बन फुटप्रिंट को कम करने और प्रदूषण को रोकने का समाधान है।”
देशभर में बढ़ रही है ‘फिट इंडिया संडे’ की लोकप्रियता
पिछले कुछ हफ्तों में भारत में 4200 स्थानों पर ‘फिट इंडिया संडे’ का आयोजन किया गया है। हर हफ्ते इस पहल में भाग लेने वाले स्थानों की संख्या बढ़ती जा रही है और हर आयु वर्ग के लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।