गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक दामाद ने अपने ससुर की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय गुदरी राम के रूप में हुई है, जो ग्राम बिहरा के निवासी थे। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है।आरोपी संजय राम (42 वर्ष), पुत्र स्व. जनार्दन राम, निवासी बैरान, थाना मुहमदाबाद, पिछले चार महीनों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपने ससुराल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह शराब का आदी था और घटना के समय भी नशे में था। किसी बात को लेकर गुदरी राम और संजय राम के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान संजय ने लाठी से गुदरी राम के सिर पर वार कर दिया।घायल अवस्था में गुदरी राम को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर वापस लाया गया। हालांकि, उनकी हालत बिगड़ने पर सुबह करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक की बेटी रेशमी ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ कासिमाबाद अनील चंद तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के पुत्र मुन्ना ने अपने बहनोई संजय राम के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।