गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विधानसभा क्षेत्र 376-जंगीपुर के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में भाग संख्या 338 से 346 तक स्थापित बूथों का निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को चुनाव आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी बीएलओ से प्राप्त की तथा मौके पर उपस्थित नागरिकों से संवाद कर निर्वाचक नामावली की स्थिति जानी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। यह आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन वोटर हेल्पलाइन ऐप या निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से संभव है, जिसके बाद बीएलओ द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाम अपमार्जन के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। जिन मतदाताओं की फोटो त्रुटिपूर्ण है अथवा जो “नो मैपिंग” श्रेणी में हैं, वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सुधार करा सकते हैं। प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित कर आमजन को सहायता प्रदान की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा एसडीएम स्तर के अधिकारी भी निगरानी में लगे हैं। नागरिक किसी भी जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप या पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। मौके पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार बिरनों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














