गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शास्त्रीनगर स्थित लुदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा परीक्षा कक्षों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।
जिलाधिकारी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन होनी चाहिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा में अवरोध उत्पन्न करने या नकल कराने का प्रयास करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिस परीक्षा केंद्र पर नकल की पुष्टि होगी, उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कंप्यूटर व फोटो कॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि में बंद रखने के निर्देश भी दिए गए। सीसीटीवी कैमरों के सुचारु संचालन और प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक सिस्टम की भी जांच की गई। कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा की सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।














