गाजीपुर – जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों और राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड दर्पण के आधार पर आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों की प्रगति तेज करने तथा प्रत्येक माह की 25 तारीख तक संबंधित पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण व शहरी), जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के अनुरक्षण, नए सड़कों व सेतुओं के निर्माण, भवन निर्माण, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा श्रम एवं सेवायोजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विभागवार मासिक प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए, ताकि पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी और जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














