
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनावी नतीजे पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की उम्मीदों के अनुरूप आए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि चुनाव में हेरफेर किया गया है।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बीजेपी ने महाराष्ट्र में 148 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 132 ने जीत दर्ज की है। अब अजित पवार और शिवसेना (शिंदे गुट) के बिना भी बीजेपी सरकार बना सकती है।”
झारखंड में हार, महाराष्ट्र में जीत कैसे?
दिग्विजय सिंह ने झारखंड में बीजेपी की हार पर भी टिप्पणी करते हुए सवाल किया, “क्या झारखंड से ज्यादा महाराष्ट्र का चुनाव बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण नहीं था? अगर झारखंड में हार सकते हैं, तो महाराष्ट्र में इतनी बड़ी जीत कैसे संभव हुई?”
ईवीएम पर पहले भी उठा चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब दिग्विजय सिंह ने EVM को लेकर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पहले भी विपक्ष से अपील की थी कि वे निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और EVM की विश्वसनीयता पर चर्चा करें।
बीजेपी का पलटवार: कांग्रेस की गुटबाजी का दोष EVM पर
दिग्विजय सिंह के आरोपों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा, “दिग्विजय सिंह कांग्रेस की हार और गुटबाजी का दोष हमेशा EVM पर मढ़ते हैं। लेकिन उनके इन आरोपों को जनता गंभीरता से नहीं लेती।”
उन्होंने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री खुद चुनाव हार चुके हैं और कांग्रेस की स्थिति पूरे देश में किसी से छिपी नहीं है। बावजूद इसके वे लगातार EVM पर सवाल उठाकर ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।”