गाजीपुर। गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाने में डायल 112 पीआरवी बेड़े में हाल ही में शामिल लाखों रुपये की नई स्कॉर्पियो के क्षतिग्रस्त होने और उसमें से टैबलेट, मोबाइल जैसे सरकारी सामान के गायब होने के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की गई है।
दो सिपाहियों पर एफआईआर, विभागीय जांच शुरू
शुक्रवार को पीआरवी के चालक आरक्षी सुनील कुमार सिंह और आरक्षी दिवेंदु के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
हादसे के बाद गुपचुप छोड़ी गई क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीआरवी की नई स्कॉर्पियो (यूपी 32-DG-7885) पर तैनात चालक आरक्षी सुनील कुमार सिंह और आरक्षी दिवेंदु गुरुवार देर शाम ड्यूटी से लौटते समय तारीघाट–बारा नेशनल हाईवे 124C पर रेवतीपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन से टकरा गए। टक्कर में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टैबलेट लेकर लापता हुए सिपाही
दुर्घटना के बाद दोनों सिपाही किसी तरह क्षतिग्रस्त वाहन को थाने के पास लाकर खड़ा कर गए और उसमें रखा टैबलेट व अन्य सामान लेकर बिना किसी को सूचना दिए लापता हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर पहुंचे अन्य आरक्षियों ने वाहन को क्षतिग्रस्त हालत में देखा।
सूचना मिलते ही मचा हड़कंप
आरक्षियों ने तत्काल 112 पीआरवी प्रभारी और कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों सिपाहियों की तलाश की गई, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, दर्ज हुई प्राथमिकी
शुक्रवार को 112 पीआरवी प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरवार और एमटी परिवहन शाखा, पुलिस लाइन के एसआई सतेंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया।
विभाग में मची हलचल
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि एमटी शाखा के एसआई सतेंद्र यादव की तहरीर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों सिपाहियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से पुलिस विभाग में भारी हलचल है और लापता सिपाहियों के साथ-साथ गायब सरकारी सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।














