गाजीपुर – पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देशभर में सैकड़ों फर्जी (म्यूल) बैंक खाते खुलवाकर टेलीग्राम के माध्यम से संचालित “Crown Pay” नामक नेटवर्क को बेचता था और इनके जरिए करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देता था।
मामला साइबर क्राइम थाना में दर्ज एक शिकायत के आधार पर सामने आया, जिसमें मनीष कुशवाहा ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने सर्विलांस और साक्ष्य संकलन के आधार पर 3 अप्रैल 2026 को लंका मैदान के पास फुल्लनपुर तिराहा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में ऋषिराज, रोहन कुमार और सचिन सिंह शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके लिए आधार, पैन और अन्य दस्तावेज लेकर फर्जी MSME और GST रजिस्ट्रेशन कराया जाता था। बाद में इन खातों की जानकारी टेलीग्राम के जरिए गैंग को भेज दी जाती थी।
गैंग द्वारा विशेष APK फाइल इंस्टॉल कराकर खाताधारकों के मोबाइल पर आने वाले OTP और मैसेज अपने पास हासिल कर लिए जाते थे। इसके बाद क्रिप्टो प्लेटफॉर्म जैसे Binance और KuCoin के माध्यम से पैसे का लेनदेन कर उसे USDT में बदल लिया जाता था।
जांच में पता चला कि इन अपराधियों के खिलाफ देशभर में 75 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं और लगभग 67 करोड़ रुपये की ठगी से इनका संबंध है। इनके पास से सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।














