
Sonia Gandhi: नई दिल्ली/मुजफ्फरपुर, 3 फरवरी 2025 – कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘Poor Lady’ कहने वाले बयान पर बिहार के मुजफ्फरपुर में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले पर 10 फरवरी को कोर्ट में सुनवाई होगी।
मुजफ्फरपुर कोर्ट में दर्ज हुआ केस
वकील सुधीर ओझा ने सीजीएम कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी सह-आरोपी बनाया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या कहा याचिकाकर्ता ने?
सुधीर ओझा ने कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए सोनिया गांधी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है।”
क्या था सोनिया गांधी का बयान?
राष्ट्रपति मुर्मू के बजट सत्र में दिए गए अभिभाषण के बाद सोनिया गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“Poor lady was tired at the end.”
इसके अलावा, राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को ‘उबाऊ’ बताया था। इस टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया, जबकि राष्ट्रपति भवन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बयान बताया।
पीएम मोदी का तीखा हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“कांग्रेस के शाही परिवार का अहंकार फिर उजागर हुआ है। राष्ट्रपति मुर्मू जी हिंदी भाषी नहीं हैं, फिर भी उन्होंने बेहतरीन भाषण दिया। लेकिन कांग्रेस ने उनका अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने उन्हें ‘Poor thing’, ‘गरीब’, ‘थकी हुई’ कहकर न सिर्फ उनका, बल्कि पूरे आदिवासी समुदाय का अपमान किया है।”
क्या होगा आगे?
इस मामले की सुनवाई 10 फरवरी को होगी, जहां अदालत सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज याचिका पर आगे की कार्रवाई तय करेगी। इस विवाद के चलते कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है।