गाजीपुर – मुहम्मदाबाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर सलारपुर चट्टी के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में अलीगढ़ निवासी चालक दानिश (24), दिल्ली निवासी हबीबुल्लाह (34) और आजमगढ़ निवासी सरजील उस्मानी (25) शामिल हैं। सरजील के सिर में गंभीर चोट आई है। बताया गया कि ये लोग दिल्ली से बिहार के जहानाबाद जा रहे थे। जाम के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रकों को पार करने के प्रयास में चालक ने कार दूसरी लेन में निकाली, तभी हादसा हो गया। सूचना पर पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।














