उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। 45 वर्षीय किसान वकील पुत्र लीलू की अज्ञात हमलावरों ने हथौड़े से बेरहमी से हत्या कर दी। उनका खून से लथपथ शव भदौली गांव के गन्ने के खेत में पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि हत्या बेहद निर्ममता से की गई। घटना के बाद से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
खेत जाने के बाद नहीं लौटे थे वकील
जानकारी के अनुसार, वकील एक मेहनती किसान थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे भैंसा-बुग्गी लेकर अपने खेतों की ओर निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। रातभर खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो रविवार सुबह मुरादनगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
परिजन लगातार खेतों और आसपास के इलाकों में तलाश करते रहे। इसी दौरान वकील के खेत से करीब 500 मीटर दूर भदौली गांव के रामफल के गन्ने के खेत में उनका शव बरामद हुआ।
हथौड़ा बरामद, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शव से कुछ दूरी पर खून से सना एक हथौड़ा भी बरामद हुआ है, जिसे हत्या का मुख्य हथियार माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वकील को आखिरी बार भदौली मार्ग स्थित एक देशी शराब के ठेके के पास अज्ञात बाइक सवारों के साथ आते-जाते देखा गया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, वकील बेहद शांत स्वभाव के और ईमानदार किसान थे। खेती ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी। वे चार भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे पांच बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है।














