Tuesday, March 10, 2026
Your Dream Technologies
HomeInternationalगाज़ीपुर - जवान हरिकेश यादव सड़क हादसे में शहीद, गांव में शोक...

गाज़ीपुर – जवान हरिकेश यादव सड़क हादसे में शहीद, गांव में शोक की लहर

गाज़ीपुर – शादियाबाद थाना क्षेत्र के शाहपुर शमशेरखा गांव निवासी सेना के जवान हरिकेश यादव सड़क हादसे में शहीद हो गए। वह राजस्थान के अलवर में तैनात थे और इन दिनों ड्यूटी के सिलसिले में झांसी गए हुए थे। सैन्य अभ्यास के बाद वापस लौटते समय रास्ते में ट्रक और पिकअप की टक्कर में उनका निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मंगलवार को जब शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव शाहपुर शमशेरखा पहुंचा, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां, पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के लोग बार-बार बेसुध हो जा रहे थे और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।

शहीद के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्र से हजारों लोग उनके घर पहुंचे। लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद हरिकेश यादव अमर रहें” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।

ग्रामीणों ने बताया कि हरिकेश यादव बेहद सरल स्वभाव के थे और हमेशा देश सेवा के लिए समर्पित रहते थे। उनकी शहादत से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है।

इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि हरिकेश यादव ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को अपने वीर सपूत पर गर्व है।

शहीद के अंतिम दर्शन के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि देकर परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button