गौतमबुद्ध नगर (दादरी): अखिलेश यादव ने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को दादरी से बड़ा सियासी शंखनाद किया। समाजवादी समानता भाईचारा रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा और अपनी पार्टी की रणनीति, वादों और सामाजिक समीकरणों को खुलकर सामने रखा।
बीजेपी पर तीखा हमला
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने बिना नाम लिए नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि “दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी झूठ बोलती है, आप सभी जानते हैं किसकी बात हो रही है।”उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जाता है।
‘उद्घाटन बनाम हकीकत’ पर सवाल
अखिलेश यादव ने सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “7 एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया, लेकिन उनमें से 6 बंद हो गए।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है उद्घाटन सिर्फ बेचने के लिए किए जा रहे हैं।
PDA के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
अखिलेश यादव ने अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को सामाजिक आंदोलन बताते हुए कहा कि यह 95% लोगों के सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के बड़े हिस्से को लगातार अपमान और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि “यह लड़ाई एक चुनाव की नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाली सामाजिक न्याय की लड़ाई है।”
संविधान और राजनीति पर बयान
अखिलेश यादव ने भाजपा पर संविधान को खतरे में डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि “पहले हम कहते थे भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ, अब कहते हैं नकारात्मक विचारधारा हटाओ, संविधान बचाओ।”
उन्होंने 2024 चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 400 सीटों का दावा करने वाले अब “अंडरग्राउंड” हो गए हैं।
रोजगार और किसानों पर वादे
युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर नई तकनीक आधारित ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। वहीं किसानों के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि जमीन लेने के बावजूद उचित मुआवजा नहीं दिया गया।
उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर:
जमीन अधिग्रहण पर बाजार भाव के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा
पंचायत व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा
किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा
गुर्जर समाज को साधने की कोशिश
रैली के दौरान अखिलेश यादव ने गुर्जर समाज को साधने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर लखनऊ और गोमती रिवर फ्रंट पर गुर्जर महापुरुष मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
चुनावी माहौल गरमाया
दादरी से अखिलेश यादव के इस शंखनाद के साथ ही साफ हो गया है कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके बयान और वादे आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति को और गरमाने वाले हैं।














