नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान गुरुवार को एक दिलचस्प क्षण देखने को मिला, जब ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने दिल्ली के ट्रैफिक पर हल्का-फुल्का तंज कसते हुए सभागार में मौजूद लोगों को हंसा दिया।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में देरी के लिए माफी मांगते हुए कहा, “माफ कीजिए, हमें कुछ मिनट की देरी हो गई, यह पूरी तरह मेरी गलती है। लेकिन जैसा कि हमने इस हफ्ते सुना है, एआई कई काम कर सकता है, लेकिन यह अभी दिल्ली के यातायात की समस्या का समाधान नहीं कर सकता।” सुनक के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग खिलखिलाकर हंस पड़े।
“दुनिया में कहीं और नहीं ऐसी ऊर्जा”
अपने संबोधन में सुनक ने भारत की तकनीकी क्षमता और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि इस सप्ताह जो देखने को मिला है, वह न केवल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का प्रमाण है, बल्कि एआई तकनीक को विकसित करने और अपनाने के लिए यहां मौजूद लोगों की असाधारण ऊर्जा को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “ऐसी ऊर्जा दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलती। यह बेहद खास है।”
भारत एआई महाशक्ति की कतार में
सुनक ने कहा कि स्टैनफोर्ड की वैश्विक रैंकिंग के अनुसार भारत अब विश्व की एआई महाशक्तियों में शीर्ष स्थानों में शामिल हो चुका है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में जोड़ा कि इस उपलब्धि के लिए भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि अगर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग देखें तो इंग्लैंड अभी भी आगे है — “जो शायद ज्यादा महत्वपूर्ण है।”
समिट के बीच ट्रैफिक से जूझती दिल्ली
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन के चलते दिल्ली पुलिस ने पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी। इसके बावजूद सेंट्रल दिल्ली समेत कई प्रमुख मार्गों पर भारी जाम की स्थिति देखने को मिली। वाहनों की लंबी कतारें और रेंगती हुई गाड़ियां आम दृश्य बन गईं।
VIDEO | At India AI Summit, former UK PM Rishi Sunak (@RishiSunak) quips, “AI can do many things but can’t fix Delhi’s traffic.”#RishiSunak #Delhitraffic pic.twitter.com/mbM94ZGRkA
— Press Trust of India (@PTI_News) February 19, 2026
बताया जा रहा है कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन के कारण हजारों दैनिक यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी जाहिर की।
सोशल मीडिया पर उठा सवाल
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को आखिर हम क्या दिखा रहे हैं? उनके मुताबिक, एआई समिट के आसपास ट्रैफिक प्रबंधन के लिए बुनियादी तैयारी एआई से भी अधिक महत्वपूर्ण है।
दिल्ली ट्रैफिक—पुरानी चुनौती, नई चर्चा
दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन हो और वैश्विक मेहमान मौजूद हों, तो यह मुद्दा और अधिक चर्चा में आ जाता है। एआई जैसी उन्नत तकनीक पर केंद्रित समिट के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या ने एक बार फिर शहरी बुनियादी ढांचे और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, समिट का कार्यक्रम जारी है, लेकिन दिल्लीवासियों के लिए ट्रैफिक की चुनौती भी उतनी ही बड़ी बनी हुई है — और शायद अभी एआई भी इसका त्वरित समाधान नहीं खोज पाया है।














