गाजीपुर – पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी सर्किल क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हो रहे अपराधों की प्रकृति, सक्रिय अपराधियों और उनकी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए साक्ष्य संकलन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। इस दौरान थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उन्हें कंट्रोल रूम से लिंक करने, कंट्रोल रूम की स्थापना, बीट पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने तथा ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र जैसे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके साथ ही पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने टॉप-टेन गुंडों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।














