गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के शेखनपुर गांव में शनिवार देर शाम गोधनी नदी में डूबने से 25 वर्षीय युवक नंदन गोंड की मौत हो गई। नदी किनारे उसका गमछा और चप्पल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण रात में सफलता नहीं मिली।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा नदी में खोजबीन की, जहां युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के पिता बृजेश गोंड ने बताया कि नंदन शनिवार दोपहर करीब दो बजे घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई थी। नंदन तीन भाइयों और एक बहन में मंझला था। बेटे की मौत से मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हल्का लेखपाल ने रिपोर्ट तहसील मुख्यालय भेजी है। बताया गया कि नियमानुसार दो दिन के भीतर परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का लाभ मिल सकता है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार रात डायल 112 से युवक के डूबने की सूचना मिली थी। रविवार सुबह शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।















