HomeLocalशाहबाजकुली रेलवे स्टेशन के पास पटरी किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव,...

शाहबाजकुली रेलवे स्टेशन के पास पटरी किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, सनसनी

गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के शाहबाजकुली रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह रेलवे पटरी किनारे करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर नोनहरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शाहबाजकुली रेलवे स्टेशन के पास पटरी किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। उसने हरे रंग की टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था। तलाशी के दौरान उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।
घटनास्थल के पास रेलवे पटरी किनारे लगे लोहे के एंगल पर खून के निशान भी पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की रात में चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments