HomePARDAPHAAS BREAKINGबंद मकान में फंदे पर लटका मिला किसान का शव, भाई ने...

बंद मकान में फंदे पर लटका मिला किसान का शव, भाई ने उठाए सवाल

दिलदारनगर। गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव में 55 वर्षीय किसान शिवशंकर तिवारी का शव उनके बंद मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव से दुर्गंध उठने के कारण घटना दो से तीन दिन पुरानी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, किसान के छोटे भाई ने उनकी पत्नी के दावों पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिवशंकर तिवारी की तीसरी पत्नी रानी शाह ने बताया कि पांच अक्टूबर को उनके पति उन्हें वाराणसी स्थित मायके छोड़कर मिर्चा गांव लौट आए थे। सात अक्टूबर को उन्होंने पति को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह गांव पहुंचीं तो मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला।

कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

रानी शाह के मुताबिक, दरवाजा बंद होने पर पड़ोस के एक युवक ने बाउंड्रीवॉल कूदकर अंदर से दरवाजा खोला। घर के अंदर जाने पर कमरे में शिवशंकर का शव फंदे से लटका मिला। पूरे मकान में दुर्गंध फैली हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

रानी शाह ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष पहले शिवशंकर तिवारी से कोर्ट मैरिज की थी। उनकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी से दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। रानी के अनुसार, पति का किसी से कोई विवाद नहीं था।

छोटे भाई ने की जांच की मांग

शिवशंकर दो भाइयों में बड़े थे। उनकी मौत के बाद छोटे भाई रविशंकर तिवारी ने पत्नी के दावों पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments