HomeInternationalकजाकिस्तान में भारत-कजाख सैनिकों का शक्ति प्रदर्शन, KAZIND-2026 में बढ़ा युद्ध कौशल...

कजाकिस्तान में भारत-कजाख सैनिकों का शक्ति प्रदर्शन, KAZIND-2026 में बढ़ा युद्ध कौशल और तालमेल

ओस्केमेन: भारत और कजाकिस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास KAZIND-2026 इन दिनों कजाकिस्तान के ओस्केमेन में जारी है। 28 सितंबर से शुरू हुआ यह अभ्यास 11 अक्टूबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच युद्ध कौशल, ऑपरेशनल तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है।

अभ्यास में भारतीय दल में गढ़वाल राइफल्स की एक बटालियन, अन्य सैन्यकर्मी और भारतीय वायुसेना के जवान शामिल हैं। दोनों देशों के सैनिक विभिन्न सैन्य गतिविधियों के जरिए एक-दूसरे की रणनीति और ऑपरेशनल प्रक्रियाओं को समझ रहे हैं।

कठिन इलाकों में टैक्टिकल ट्रेनिंग

अखमीरोवो ट्रेनिंग एरिया में सैनिकों ने टैक्टिकल नेविगेशन एक्सरसाइज में हिस्सा लिया। इसमें कठिन और अलग-अलग तरह के इलाकों में दिशा पहचानने, सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने और संयुक्त रूप से अभियान संचालित करने की क्षमता का अभ्यास किया गया।

इसके साथ ही सैनिकों ने हथियारों की हैंडलिंग, स्मॉल आर्म्स लाइव फायरिंग और कंबाइंड कॉम्बैट एक्सरसाइज में भी हिस्सा लिया।

युद्ध अभ्यास के साथ योग और खेल

KAZIND-2026 में सिर्फ सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के सैनिकों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। संयुक्त फिजिकल ट्रेनिंग और खेल गतिविधियों से सैनिकों की फिटनेस के साथ टीम स्पिरिट को मजबूत किया गया।

भारतीय और कजाख सैनिकों ने साथ में योग सत्र भी किया। इससे दोनों देशों के जवानों को एक-दूसरे के साथ बातचीत और अनुभव साझा करने का अवसर मिला।

रक्षा सहयोग को नई मजबूती

KAZIND-2026 भारत और कजाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं अपनी रणनीतियों, युद्ध तकनीकों और ऑपरेशनल अनुभवों को साझा कर रही हैं।

इस संयुक्त अभ्यास से भविष्य में किसी भी संयुक्त अभियान के दौरान दोनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और आपसी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह अभ्यास भारत-कजाकिस्तान के बीच रक्षा साझेदारी और सैन्य संबंधों को भी नई मजबूती दे रहा है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments