गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा के 18 परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा जलपान एवं अल्पाहार के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण चाय, नाश्ता, पेयजल तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस पहल से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानजनक स्वरोजगार के साथ अच्छी आय अर्जित करने का अवसर मिला। इससे पहले भी जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती और पुलिस भर्ती परीक्षाओं के दौरान ऐसे स्टॉल सफलतापूर्वक संचालित किए गए थे, जिनसे महिलाओं को आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ था। इन्हीं सकारात्मक परिणामों को देखते हुए जिला प्रशासन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्थानीय स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पहल को लगातार प्रोत्साहित कर रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों को केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों, मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिलाओं को अधिक से अधिक आयवर्धन के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार की पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।














