गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और बाउंसरों की दबंगई के विरोध में सोमवार को सरजू पांडे पार्क में छात्रसंघ और स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मेडिकल College के प्रिंसिपल के तबादले और दोषी बाउंसरों पर कार्रवाई की मांग की।
धरने का मुद्दा ताड़ीघाट निवासी मनोज यादव के साथ हुई कथित अभद्रता और मारपीट को लेकर गरमाया। बताया गया कि मनोज यादव अपनी पत्नी और बेटी का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे, जहां बाउंसरों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
धरना स्थल पर मौजूद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रणजीत यादव ने कहा कि गाजीपुर बलिदानियों की धरती है और महिलाओं पर हमला बेहद निंदनीय है। छात्र नेता गोविंद यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो छात्र अनशन करने को बाध्य होंगे।
समाजसेवी व क्षेत्र पंचायत प्रत्याशी अजीत यादव ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में इलाज, जांच और दवा के नाम पर गरीबों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध मुक्त व्यवस्था का दावा करती है, लेकिन अस्पतालों में बाउंसरों के जरिए आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है।
धरना-प्रदर्शन में छात्र नेता प्रद्युम्न यादव, पूर्व अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व महामंत्री पिंटू यादव, महामंत्री राजू लाल यादव, आनंद यादव, प्राचार्य सुजीत यादव, शशिकांत यादव, संदीप यादव, अजय यादव सहित सैकड़ों छात्र नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पीड़ित मनोज यादव और उनकी पत्नी भी धरने में शामिल थे।














