गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र में बरही-बदधुपुर नहर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छोला-फुल्की बेचने वाले हरिकेश राम की मौत हो गई। यह घटना गजपतपुर गांव के पास उस समय हुई जब हरिकेश रोज की तरह अपना ठेला लेकर जा रहे थे। तभी दुल्लहपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिकेश राम गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनका ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से वाराणसी ले जाते समय नन्दगंज के पास उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में बाइक चालक संदीप राजभर भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। हरिकेश राम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी और चार छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














