गाजीपुर – जंगीपुर कस्बे में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को देखते हुए बड़ा निर्णय लिया गया है। व्यापारी समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद 13 मार्च 2026 को थाना जंगीपुर परिसर में कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि कस्बे में अत्यधिक भीड़-भाड़ रहती है और बड़े वाहनों के आवागमन से दुर्घटनाएं होने के साथ-साथ अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों का आवागमन काफी प्रभावित होता है। समस्या के समाधान के लिए व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 मार्च 2026 से कस्बा जंगीपुर में सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
इस दौरान ट्रक, डंपर, कंटेनर और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। इसका उद्देश्य कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि यदि कोई वाहन चालक इस नियम का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ चालान के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।














