गाजीपुर – देश की दस प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर बैंकिंग और बीमा क्षेत्र की यूनियनें 12 फरवरी 2026 को एकदिवसीय देशव्यापी हड़ताल करेंगी। यह हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही चार नई श्रम संहिताओं के विरोध में बुलाई गई है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) सहित कई संगठनों ने इसमें भाग लेने की घोषणा की है।
यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन, गाजीपुर इकाई के जिला मंत्री सत्येन्द्र गुप्ता ने बैंक व बीमा क्षेत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों से हड़ताल में पूर्ण भागीदारी की अपील की है। यूनियनों का आरोप है कि नई श्रम संहिताएं कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देती हैं और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के नाम पर श्रमिकों की सुरक्षा और अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं। संगठन बनाने का अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी और आठ घंटे के कार्यदिवस जैसे बुनियादी अधिकारों पर खतरा बताया गया है।
यूनियनों ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों व बीमा कंपनियों के निजीकरण और विनिवेश पर भी चिंता जताई है। बीमा क्षेत्र में एफडीआई सीमा 100 प्रतिशत करने के प्रस्ताव, एलआईसी आईपीओ और आईडीबीआई बैंक में हिस्सेदारी बिक्री को इसी नीति का हिस्सा बताया गया है। हड़ताल को श्रमिक अधिकारों की रक्षा का प्रतीक बताया गया है।














