गाजीपुर – जमानियां सर्किल अंतर्गत रेवतीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय मजदूर रामकृत राजभर की मौत हो गई। घटना उतरौली चट्टी के पास ताड़ीघाट-बारा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-124C) पर हुई, जिससे पूरे राजभर बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार उतरौली निवासी रामकृत राजभर रोज की तरह भट्ठे से मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान त्रिलोकपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ट्रैक्टर चालक पर सख्त कार्रवाई हो और जिलाधिकारी मौके पर आएं। जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार समेत कई थानों की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
मृतक के बड़े पुत्र हनुमान ने बताया कि उनके पिता परिवार के मुखिया थे और घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी बहन की शादी 20 फरवरी को तय थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।














