HomeJmmu & Kashmirजम्मू-कश्मीर दौरे पर अमित शाह का सख्त संदेश: पाक आतंकियों पर निर्णायक...

जम्मू-कश्मीर दौरे पर अमित शाह का सख्त संदेश: पाक आतंकियों पर निर्णायक कार्रवाई, सुरक्षा बलों के बेहतर तालमेल पर ज़ोर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय सीमा सुरक्षा समीक्षा बैठक की और आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियानों को और तेज़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बलों की हालिया कार्रवाई की सराहना की, जहां पिछले 15 दिनों में जैश-ए-मोहम्मद के चार पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए हैं।

गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि हर ऑपरेशन की शुरुआत जॉइंट कंट्रोल सेंटर (JCC) से हो, ताकि बेहतर समन्वय और प्रभावी नतीजे सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने जम्मू के भीतरी इलाकों में सक्रिय पाक समर्थित आतंकियों के खिलाफ पूरी ताकत से कार्रवाई करने और कश्मीर घाटी में आतंकवादी संगठनों के ग्राउंड नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने पर जोर दिया।

सीमा चौकियों का दौरा, जवानों से संवाद

अमित शाह शुक्रवार को कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अग्रिम इलाकों में पहुंचे। उन्होंने हीरानगर सेक्टर में गुरनाम और बोबियां सीमा चौकियों का दौरा किया और सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना की।

कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन

गृह मंत्री ने कठुआ के बोबियां में सीमा रक्षकों के लिए छह कल्याणकारी योजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने बोबियां BOP स्थित शहीद स्मारक ‘अजय प्रहरी’ पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

आतंक प्रभावित परिवारों को नियुक्ति पत्र

अमित शाह ने जम्मू के लोक भवन में एक और उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद उन्होंने आतंकवाद से प्रभावित कुछ परिवारों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

सीमा पर चौकसी और तेज

गृह मंत्री का यह दौरा सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी के बीच हो रहा है। इसका उद्देश्य आतंकियों की घुसपैठ, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना है। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों में बीते दो हफ्तों के दौरान कठुआ, उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में करीब 12 मुठभेड़ें हुई हैं।

गौरतलब है कि अमित शाह गुरुवार (6 फरवरी) की रात जम्मू पहुंचे थे, जहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments