गाजीपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत स्कूली बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र व मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों और आगंतुकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश के महान विभूतियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए संविधान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हमें संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखनी चाहिए, क्योंकि हमारे अधिकार और कर्तव्य उसी से निर्धारित होते हैं।
जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य संविधान ने किया है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 32 के माध्यम से प्राप्त अधिकारों और कर्तव्यों की भी जानकारी दी तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने शास्त्री नगर चौराहा स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














