वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इस समय अमेरिका की हिरासत में हैं। उन्हें न्यूयॉर्क में रखा गया है। हिरासत में लिए जाने के करीब 24 घंटे बाद मादुरो का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे “गुड नाइट” और “हैप्पी न्यू ईयर” कहते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल मादुरो को ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
शनिवार को मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में उनके आधिकारिक आवास से हिरासत में लिया गया था। इसके बाद दोनों को विशेष विमान से न्यूयॉर्क लाया गया। बताया जा रहा है कि महज 30 मिनट के ऑपरेशन में उनकी गिरफ्तारी की गई और चार घंटे के भीतर सत्ता के शिखर पर बैठे मादुरो अमेरिका की हिरासत में पहुंच गए।
मादुरो पर नार्को-टेररिज़्म, ड्रग्स तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिका में ही चलेगा मुकदमा
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा अमेरिका में ही चलेगा। उन्हें फेडरल जेल में रखने की तैयारी की जा रही है। इस बीच अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला में कम से कम 40 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें आम नागरिकों के साथ-साथ सैनिक भी शामिल हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि “उचित सत्ता परिवर्तन” होने तक अमेरिका वेनेजुएला का प्रशासन संभालेगा।
Maduro perp walk. pic.twitter.com/e1Maaun5EK
— Paul Mauro (@PaulDMauro) January 4, 2026
मादुरो बोले— यह अवैध तख्तापलट
निकोलस मादुरो ने अपनी गिरफ्तारी को अवैध तख्तापलट करार दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने और क्रांति जारी रखने की अपील की। मादुरो का कहना है कि उन्हें बिना किसी ठोस सबूत के हिरासत में लिया गया है और वे अंत तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
कमला हैरिस का ट्रंप पर हमला
मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के खिलाफ की गई यह कार्रवाई तेल के लिए है, न कि ड्रग्स या लोकतंत्र के नाम पर। कमला हैरिस ने इसे गैर-कानूनी बताते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रंप एक संप्रभु देश को अस्थिर कर रहे हैं।














