बीजेपी की नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हिंदुओं से कम से कम तीन से चार बच्चे पैदा करने की अपील की है। राणा का यह बयान सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
मंगलवार (23 दिसंबर) को मीडिया से बातचीत के दौरान नवनीत राणा ने दावा किया कि एक मुस्लिम मौलाना ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उसकी चार पत्नियां हैं और उसके 19 बच्चे हैं। इसी कथित बयान का हवाला देते हुए राणा ने कहा कि अगर कोई 19 बच्चे पैदा कर सकता है, तो हिंदुओं को भी कम से कम तीन-चार बच्चे जरूर पैदा करने चाहिए।
उन्होंने कहा, “ये लोग खुलेआम कहते हैं कि उनकी चार पत्नियां हैं और 19 बच्चे हैं। ऐसे में हमें एक बच्चे पर संतुष्ट क्यों रहना चाहिए? मेरा सुझाव है कि हर हिंदू परिवार को कम से कम तीन-चार बच्चे पैदा करने चाहिए।”
‘हिंदुस्तान को पाकिस्तान में बदलने की कोशिश’ का आरोप
नवनीत राणा ने आगे कहा कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि बयान देने वाला व्यक्ति मौलाना था या कोई और, लेकिन उसके मुताबिक उसने 35 बच्चे पैदा करने की इच्छा जताई थी। राणा ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में बच्चे पैदा कर देश की जनसंख्या संरचना बदलने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा, “अगर कुछ लोग ज्यादा बच्चे पैदा करके हिंदुस्तान को पाकिस्तान में बदलना चाहते हैं, तो हम सिर्फ एक बच्चे पर क्यों रुक जाएं? हमें भी तीन से चार बच्चे पैदा करने चाहिए।”
पहले भी दे चुकी हैं विवादित बयान
नवनीत राणा का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। इससे पहले भी वह कई ऐसे बयान दे चुकी हैं, जिन पर व्यापक विरोध देखने को मिला है। हाल ही में उन्होंने मुर्शिदाबाद की एक मस्जिद को लेकर बयान देते हुए कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया था।
उन्होंने यह भी कहा था कि अगर बाबर के नाम पर मस्जिद बनाई जाती है, तो कारसेवक वहां पहुंचकर कारसेवा करेंगे और उसे गिराने का काम करेंगे। उनके इन बयानों को लेकर पहले भी राजनीतिक तनाव बढ़ चुका है।














