गाजीपुर— जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान (फेज 5.0) के तहत थाना रामपुर मांझा, थाना शादियाबाद, थाना जंगीपुर, थाना थादियाबाद सहित जनपद के सभी थानों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए।इन टीमों ने कस्बों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान यूपी सरकार द्वारा जारी आवश्यक हेल्पलाइन नंबर—1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102/108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन के उपयोग तथा महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, ओटीपी, मीडिया लिंक, वेबसाइट लिंक और प्राइवेसी से जुड़ी जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई। टीमों ने नए कानून बीएनएस, बीएनएसएस के बारे में भी जागरूक किया। स्थानीय थानों पर मिशन शक्ति केंद्र से संबंधित जानकारी पंपलेट के माध्यम से वितरित की गई।महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं—निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि की भी जानकारी देते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति सचेत किया गया।














